सोमवार, 13 जुलाई 2015

अंधा हुआ समय का दर्पण- डॉ॰ रामसनेहीलाल शर्मा 'यायावर'

साहित्यकार डॉ॰ रामसनेहीलाल शर्मा 'यायावर' के आठवें काव्य संकलन और तीसरी नवगीत संग्रह 'अँधा हुआ समय का दर्पण' पढ़ना युगीन विसंगतियों और सामाजिक विडम्बनाओं से आहत कवि-मन की सनातनता से साक्षात करने की तरह है।  आदिकाल से अब तक न विसंगतियाँ कम होती हैं न व्यंग्य बाणों के वार, न सुधार की चाह।  यह त्रिवेणी नवगीत की धार को अधिकाधिक पैनी करती जाती है।  यायावर जी के नवगीत अकविता अथवा प्रगतिवादी साहित्य की की तरह वैषम्य की प्रदर्शनी लगाकर पीड़ा का व्यापार नहीं करते अपितु पूर्ण सहानुभूति और सहृदयता के साथ समाज के पद-पंकज में चुभे विसंगति-शूल को निकालकर मलहम लेपन के साथ यात्रा करते रहने का संदेश और सफल होने का विश्वास देते हैं।  

इन नवगीतों का मिजाज औरों से अलग है।   इनकी भाव भंगिमा, अभिव्यक्ति सामर्थ्य, शैल्पिक अनुशासन, मौलिक कथ्य और छान्दस सरसता इन्हें पठनीयता ही नहीं मननीयता से भी संपन्न करती है।  गीत, नवगीत, दोहा, ग़ज़ल, हाइकु, ललित निबंध, समीक्षा, लघुकथा और अन्य विविध विधाओं पर सामान दक्षता से कलम चलाते यायावर जी अपनी सनातन मूल्यपरक शोधदृष्टि के लिये चर्चित रहे हैं।  विवेच्य कृति के नवगीतों में देश और समाज के सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक परिदृश्य का नवगीतीय क्ष-किरणीय परीक्षण नितांत मलिन तथा तत्काल उपचार किये जाने योग्य छवि प्रस्तुत करता है।  

भूनकर हम 
तितलियों को 
जा रहे जलपान करने 
मंत्र को मुजरे में 
भेजा है 
किसी ने तान भरने -पृष्ठ २६, 

दूधिया हैं दाँत लेकिन 
हौसला परमाणु बम है 
खो गया मन 
मीडिया में 
आजकल चरचा गरम है 
आँख में जग रहा 
संत्रास, हम जलते रहे हैं - पृष्ठ ३९ 


इन विसंगतियों से नवगीतकार निराश या स्तब्ध नहीं होता। वह पूरी ईमानदारी से आकलन कर कहता है- 'उबल रहे हैं / समय-पतीले में / युग संवेदन' -पृष्ठ ११० । यह उबाल बबाल न बन पाये इसीलिये नवगीत रचना है।  यायावर निराश नहीं हैं, वे युग का आव्हान करते हैं- 'किरणों के व्याल बने / व्याधों के जाल तने / हारो मत सोनहिरन' -पृष्ठ ११३। परिवर्तन जरूरी है, यह जानते हुए भी किया कैसे जाए? यह प्रश्न हर संवेदनशील मनुष्य की तरह यायावर-मन को भी उद्वेलित करता है- 'झाड़कर फेंके पुराने दिन / जरूरत है / मगर कैसे करें?' -पृष्ठ ११७

सबसे बड़ी बाधा जन-मन की किंकर्तव्यविमूढ़ता है-
देहरी पर आँगन में 
प्राण-प्रण, तन-मन में 
बैठा बाजार, क्या करें? 
सपने नित्य 
खरीदे-बेचे जाते हैं 
हम आँखें मींचे 
बने हुए इश्तहार 
क्या करें? -पृष्ठ १२४ या फिर - पाले में झुलसा अपनापन / सहम गया संयम / रिश्तों की ठिठुरन को कैसे / दूर करें अब हम? - पृष्ठ ५६

यायावर शिक्षक रहे हैं।  इसलिए वे बुराई के ध्वंस की बात नहीं कहते। उनका मत है कि सबसे पहले हर आदमी जो गलत हो रहा है उसमें अपना योगदान न करे-  इस नदी का जल प्रदूषित / जाल मत डालो मछेरे - पृष्ठ १०७
कवि परिवर्तन के प्रति सिर्फ आश्वस्त नहीं हैं उन्हें परिवर्तन का पूरा विश्वास है- गंगावतरण होना ही है /  सगरसुतों की मौन याचना / कैसे जाने? / कैसे मानें? -पृष्ठ ८४

यह कैसे का यक्ष प्रश्न सबको बेचैन करता है, युवाओं को सबसे अधिक-
तेरे-मेरे, इसके-उसके 
सबके ही घर में रहती है 
एक युवा बेचैनी मितवा -पृष्ठ ७९ 

आम आदमी कितना ही  पीड़ित क्यों न हो, सुधार के लिए अपना योगदान और बलिदान करने से पीछे नहीं हटता-
एकलव्य हम 
हमें दान करने हैं 
अपने कटे अँगूठे -पृष्ठ ७५

यायावर  जी शांति के साथ-साथ जरूरी होने पर क्रांतिपूर्ण प्रहार की उपादेयता स्वीकारते हैं-
सम्मानित बर्बरता 
अभिनन्दित निर्ममता 
लांछित मर्यादा को दे सहानुभूति 
चलो, हत्यारे मौसम के 
कंठ को प्रहारें - पृष्ठ ७१

भटक रहे तरुणों को सही राह पर लाने के लिये दण्ड के पहले शांतिपूर्ण प्रयास जरूरी है।  एक शिक्षक सुधार की सम्भावना को कैसे छोड़ सकता है?-
आज बहके हैं  
किरन के पाँव 
फिर वापस बुलाओ 
क्षिप्र आओ -पृष्ठ ६९

प्रयास होगा तो भूल-चूक भी होगी-
फिर लक्ष्य भेद में चूक हुई  
भटका है 
मन का अग्निबाण - पृष्ठ ६२

भूल-चूल को सुधारने पर चर्चा तो हो पर वह चर्चा रोज परोसी जा रही राजनैतिक-दूरदर्शनी लफ्फ़ाजियों सी बेमानी न हो-
भूमिका पर थी बहस 
कुछ गर्म इतनी 
कथ्य पूरा रह गया है अनछुआ 
यह क्या हुआ? 
यह क्या हुआ? -पृष्ठ ५७

भटकन तभी समाप्त की  जा सकती है जब सही राह पर चलने का संकल्प दृढ़ हो-
फास्टफूडी सभ्यता की कोख में 
पलते बवंडर 
तुम धुएँ को ओढ़कर नाचो-नचाओ 
हम, अभी कजरी सुनेंगे- पृष्ठ ५४

कवि के संकल्पों का मूल कहाँ है यह 'मुक्तकेशिनी उज्जवलवसना' शीर्षक नवगीत में इंगित किया गया है-
आँगन की तुलसी के बिरवे पर / मेरी अर्चना खड़ी है -पृष्ठ ३१

यायावर जी नवगीत को साहित्य की विधा मात्र नहीं परिवर्तन का उपकरण मानते हैं।  नवगीत को युग परिवर्तन के कारक की भूमिका में स्वीकार कर वे अन्य नवगीतिकारों का पथप्रदर्शन करते हैं-
यहाँ दर्द, यहाँ प्यार, यहाँ अश्रु मौन 
खोजे अस्तित्व आज गीतों में कौन? 
शायद नवगीतकार 
साँस-साँस पर प्रहार 
बिम्बों में बाँध लिया गात- -पृष्ठ ३०

यायावर के नवगीतों की भाषा कथ्यानुरूप है।  हिंदी के दिग्गज प्राध्यापक होने के नाते उनका शब्द भण्डार समृद्ध और संपन्न होना स्वाभाविक है।  अनुप्रास, उपमा, रूपक अलंकारों की छटा मोहक है।  श्लेष, यमक आदि का प्रयोग कम है।  बिम्ब, प्रतीक और उपमान की प्रचुरता और मौलिकता इन नवगीतों के लालित्य में वृद्धि करती है।  आशीष देता सूखा कुआँ, जूते से सरपंची कानून लाती लाठियाँ, कजरी गाता हुआ कलह, कचरे में मोती की तलाश, लहरों पर तैरता सन्नाटा, रोटी हुई बनारसी सुबहें आदि बिम्ब पाठक को बाँधते हैं। 

इन नवगीतों का वैशिष्ट्य छान्दसिकता के निकष पर खरा उतरना है।  मानवीय जिजीविषा, अपराजेय संघर्ष तथा नवनिर्माण के सात्विक संकल्प से अनुप्राणित नवगीतों का यह संकलन नव नवगीतकारों के लिये विशेष उपयोगी है।  यायावर जी के अपने शब्दों में-

 'गीत में लय का नियंत्रण शब्द करता है।  इसलिए जिस तरह पारम्परिक गीतकार के लिये छंद को अपनाना अनिवार्य था वैसे हही नवगीतकार के लिए छंद की स्वीकृति अनिवार्य है। … नवता लेने के लिए नवगीतकार ने छंद के क्षेत्र में अनेक प्रयोग किये हैं।  'लयखंड' के स्थान पर 'अर्थखण्ड' में गीत का लेखन टी नवगीत में प्रारंभ हुआ ही इसके अतिरिक्त २ अलग-अलग छंदों को मिलाकर नया छंद बनाना, चरण संख्या घटाकर या बढ़ाकर नया छंद बनाना, चरणों में विसंगति और वृहदखण्ड योजना से लय को नियंत्रित करना जैसे प्रयोग पर्याप्त हुए हैं।  इस संकलन में भी ऐसे प्रयोग सुधीपाठकों को मिलेंगे।'

निष्कर्षत- यह कृति सामने नवगीत संकलन न होकर नवगीत की पाठ्य पुस्तक की तरह है जिसमें से तत्सम-तद्भव शब्दों के साथ परिनिष्ठित भाषा और सहज प्रवाह का संगम सहज सुलभ है।  इन नवगीतों में ग्रामबोध, नगरीय संत्रास, जाना समान्य की पीड़ाएँ, शासन-प्रशासन का पाखंड, मठाधीशों की स्वेच्छाचारिता, भक्तों का अंधानुकरण, व्यवस्थ का अंकुश और युवाओं की शंकाएँ एक साथ अठखेला करती हैं।
-----------------------
संग्रह- अंधा हुआ समय का दर्पण, प्रकाशक- अयन प्रकाशन दिल्ली, रचनाकार- डॉ. रामसनेही लाल शर्मा यायावर, प्रथम संस्करण-२००९, मूल्य- १५० रूपये , पृष्ठ- १२७, परिचय- संजीव सलिल।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

क्या आपने यह पुस्तक पढ़ी है? यदि हाँ तो उसके विषय में यहाँ टिप्पणी करें। उपरोक्त समीक्षा पर भी आपके विचारों का स्वागत है।